पटियाला में मकान देखने पहुंचे एक दंपती पर पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब दंपती एक प्रॉपर्टी डीलर के साथ मकान देखने पहुंचे थे। घर का गेट खुलते ही कुत्ता बाहर आया और उसने महिला पर हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला को जमीन पर गिरा दिया और उसे काटना शुरू कर दिया।
पत्नी को कुत्ते से बचाने के लिए उसके पति अंकित सभरवाल ने तुरंत बीच-बचाव किया। उन्होंने कुत्ते को हटाने की कोशिश की, लेकिन वह पीछे नहीं हटा। इसी दौरान कुत्ते ने अंकित पर भी हमला कर दिया। कुत्ते ने पहले उनकी जांघ को काटा और फिर उनकी पीठ को नोचने लगा। हमले के दौरान अंकित लगातार मदद के लिए चिल्लाते रहे।
कुछ देर बाद अंकित किसी तरह अपनी पत्नी को कुत्ते से दूर कर पाए। लेकिन कुत्ते ने दोबारा महिला को निशाना बना लिया और उसकी बाजू को अपने जबड़े में दबा लिया। महिला को बचाने की कोशिश में आसपास मौजूद लोगों ने कुत्ते को हटाने का प्रयास किया, लेकिन वह काफी देर तक महिला का हाथ नहीं छोड़ रहा था।
दंपती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के कई लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने कुत्ते को हटाने के लिए डंडों और वाइपर का सहारा लिया। बताया जा रहा है कि लोगों ने कुत्ते को करीब 40 से 50 बार डंडे मारे, जिसके बाद उसने दंपती का पीछा छोड़ा और वापस घर के अंदर चला गया।
हमले में महिला को गंभीर चोटें आई हैं। उसकी बाजू बुरी तरह जख्मी हुई, जिसके बाद अस्पताल में उसके हाथ की सर्जरी करनी पड़ी। इसके अलावा उसकी पीठ, जांघ और कूल्हे पर भी चोटें आई हैं। डॉक्टरों ने सर्जरी के बाद महिला को अस्पताल में निगरानी में रखा है और उसका इलाज जारी है।
अंकित सभरवाल को भी हमले में चोटें आईं। उनकी पीठ और जांघ पर कुत्ते के काटने और नोचने से गंभीर घाव हुए। अस्पताल में उनकी मरहम-पट्टी की गई और घावों पर टांके लगाए गए। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार शाम पटियाला के घूमन इलाके में हुई। अंकित अपनी पत्नी के साथ मकान देखने पहुंचे थे। उनके साथ एक प्रॉपर्टी डीलर भी मौजूद था। बताया गया है कि मकान का गेट खोलते ही घर के अंदर मौजूद पिटबुल कुत्ता बाहर आया और उसने महिला पर हमला कर दिया।
पूरी घटना CCTV कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में कुत्ते को दंपती पर हमला करते और आसपास के लोगों को उसे हटाने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। लोगों के काफी प्रयास के बाद कुत्ता पीछे हटा और दंपती वहां से निकलकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे।
घटना के बाद अंकित ने थाना अनाज मंडी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने BNS की धारा 291, 125-A और 125-B के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, कुत्ते के मालिक की पहचान होने के बाद केस में उसका नाम जोड़ा जाएगा।
अंकित ने बताया कि अगर आसपास के लोग समय पर मदद के लिए नहीं पहुंचते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग की है। अंकित पेशे से बैंकर हैं, जबकि उनकी पत्नी एक निजी संस्थान में पढ़ाती हैं। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर कुत्ते के मालिक की पहचान करने में जुटी है।

