इंडियन रेलवे ने नॉर्दर्न रेलवे के दिल्ली मंडल में रेल सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम फैसला लिया है। रेलवे ने रेवाड़ी-Delhi और शकूरबस्ती-बठिंडा रेल सेक्शन को मिलाकर कुल 680 किलोमीटर लंबे मार्ग पर स्वदेशी ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम ‘कवच वर्जन 4.0’ स्थापित करने की मंजूरी दे दी है। इस परियोजना के लिए कुल 206 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य प्रमुख और अधिक यातायात वाले रेल मार्गों पर आधुनिक सुरक्षा तकनीक को लागू करना है। ‘कवच 4.0’ सिस्टम ट्रेनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने, परिचालन क्षमता को बेहतर बनाने और रेल नेटवर्क पर सुरक्षा मानकों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
यह पहल भारतीय रेलवे द्वारा देशभर में ‘कवच’ तकनीक के चरणबद्ध विस्तार की व्यापक योजना का हिस्सा है। इसके तहत रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण और व्यस्त रेल मार्गों पर इस स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली को लागू किया जा रहा है, ताकि भविष्य में रेल संचालन अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और तकनीकी रूप से उन्नत बनाया जा सके।

