Nepal KP Oli Arrested: भारत के पड़ोसी देश नेपाल में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. प्रधानमंत्री बालेन शाह के शपथ ग्रहण के 24 घंटे भीतर ही बड़ा एक्शन लिया गया. पुलिस ने पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को शनिवार (28 मार्च) को गिरफ्तार कर लिया. बताया जा रहा है कि ये दोनों गिरफ्तारियां गृह मंत्रालय को औपचारिक रूप से की गई शिकायत के बाद की गई.
कैबिनेट बैठक में फैसला लिया गया
नेपाल में हुए जेन-जी प्रदर्शन के दौरान हुई छात्रों की मौत के मामले में ये कार्रवाई की गई. इस मामले में दोनों नेताओं को जिम्मेदार ठहराया गया है. प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद बालेन शाह ने कैबिनेट मीटिंग की अध्यक्षता की. इस बैठक में जांच आयोग की रिपोर्ट को लागू करने का फैसला लिया गया. इसी रिपोर्ट के आधार पर गिरफ्तारी की गई. इस रिपोर्ट में प्रदर्शन के दौरान निहत्थे छात्रों पर गोली चलाने की बात कही गई, जिससे स्टूडेंट्स की मौत हुई.
10 साल की सजा हो सकती है
दोनों नेताओं को उनके भक्तपुर निवास से गिरफ्तार किया गया. अगर ओली पर आरोप साबित होते हैं तो उन्हें 10 साल की सजा हो सकती है. जेन-जी प्रदर्शनों की वजह से ही ओली को सत्ता से बेदखल होना पड़ा था.