महाकाल मंदिर क्षेत्र में यूडीए की बड़ी कार्रवाई, 16 मकान और होटल तोड़ना शुरू

You are currently viewing महाकाल मंदिर क्षेत्र में यूडीए की बड़ी कार्रवाई, 16 मकान और होटल तोड़ना शुरू

Ujjain Development Authority (यूडीए) ने लीज नियमों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाते हुए महाकाल मंदिर से सटे बेगमबाग क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू की। इस दौरान 16 मकान, रेस्ट हाउस और होटलों को तोड़ा जा रहा है, जबकि एक स्कूल को भवन खाली करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है।

कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सुबह 8 बजे से पहले ही जिला प्रशासन, यूडीए, नगर निगम और पुलिस के करीब 200 अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंच गए थे। कार्रवाई में दो पोकलेन, चार जेसीबी और पांच डंपर लगाए गए।

यूडीए के सीईओ संदीप सोनी के अनुसार, यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक सभी अतिक्रमण पूरी तरह नहीं हटाए जाते। कुल 45 प्लॉट पर बने 90 स्ट्रक्चर हटाए जाने हैं। इनमें से 58 अतिक्रमण चिन्हित किए गए थे, जिनमें 42 पहले ही हटाए जा चुके हैं, जबकि शेष 16 पर कार्रवाई जारी है।

एक सप्ताह पहले दिए गए थे नोटिस
यूडीए ने सरताज खान, खान मोहम्मद, मोहम्मद अनिज, ताहेर अली, मोहम्मद यूनुस, हिना खान, मोहम्मद सलीम, अब्दुल हामिद, वारिस बेग, शाहनवाज खान सहित न्यू सावन पैलेस होटल, राज गेस्ट हाउस, होटल नसीब और होटल डायमंड के संचालकों को एक सप्ताह पहले ही मकान व होटल खाली करने के नोटिस जारी किए थे।

नोटिस के बावजूद नहीं हटाया अतिक्रमण
नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर मंगलवार सुबह यूडीए की टीम ने सख्त कार्रवाई करते हुए मकानों और होटलों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया।