बैतूल पहुंचे CM मोहन यादव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के घर जाकर दी सांत्वना

You are currently viewing बैतूल पहुंचे CM मोहन यादव, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के घर जाकर दी सांत्वना

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को बैतूल पहुंचे और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निवास पर जाकर उनकी पुत्री सुरभि खंडेलवाल के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से बैतूल पहुंचे और सीधे गंज स्थित खंडेलवाल परिवार के घर पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की।

मुख्यमंत्री ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक जताते हुए कहा कि परिवार के लिए यह बेहद कठिन समय है। उन्होंने बताया कि सुरभि बचपन से ही स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं और परिवार ने उनकी पूरी निष्ठा से देखभाल की। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की कामना की।

उपमुख्यमंत्री और मंत्री भी पहुंचे

इससे पहले प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और मंत्री कृष्णा गौर भी बैतूल पहुंचकर खंडेलवाल परिवार से मिले। उपमुख्यमंत्री देवड़ा सड़क मार्ग से बैतूल पहुंचे और उन्होंने भी परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।

सुरभि खंडेलवाल के निधन की खबर के बाद से बैतूल में प्रदेशभर के नेताओं और जनप्रतिनिधियों का खंडेलवाल निवास पर पहुंचने का सिलसिला जारी है। शनिवार को भी कई मंत्री, विधायक, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे।

इस दौरान स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा और हेलीकॉप्टर लैंडिंग से जुड़ी व्यवस्थाएं भी संभालीं। सभी आगंतुकों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।