मध्यप्रदेश कांग्रेस संगठन में संरचनात्मक बदलाव की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। पार्टी नेतृत्व ने संगठन को अधिक सक्रिय और व्यापक बनाने के उद्देश्य से जिलों और विभिन्न सामाजिक प्रकोष्ठों में एक साथ कई नियुक्तियां की हैं। इस क्रम में प्रदेश के 18 जिलों में संगठन महासचिवों की नियुक्ति के साथ-साथ 14 प्रकोष्ठों के लिए नए अध्यक्ष, संयोजक और समन्वयक घोषित किए गए हैं।
यह पूरी प्रक्रिया प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर और संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले की देखरेख में पूरी की गई है।
18 जिलों में संगठन महासचिव नियुक्त
प्रदेश संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कांग्रेस ने 18 जिलों में संगठन महासचिवों की जिम्मेदारी सौंपी है। इन नियुक्तियों के जरिए जिला स्तर पर समन्वय, संगठनात्मक कामकाज और पार्टी गतिविधियों को व्यवस्थित करने पर फोकस किया गया है। संगठन महासचिवों को जिला नेतृत्व और प्रदेश संगठन के बीच संपर्क सेतु की भूमिका निभानी होगी।
सामाजिक समीकरण साधने के लिए 14 प्रकोष्ठों में नियुक्तियां
कांग्रेस ने अलग-अलग सामाजिक वर्गों को संगठन से जोड़ने की रणनीति के तहत 14 प्रकोष्ठों में अध्यक्ष, संयोजक और समन्वयक नियुक्त किए हैं। इसमें बंगाली समाज, बंजारा समाज, तैलिक साहू राठौर समाज, सर्व विश्वकर्मा समाज, स्वर्णकला समाज, कोली/कोरी समाज और रजक समाज सहित अन्य वर्गों से जुड़े नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
पार्टी का मानना है कि इन नियुक्तियों से सामाजिक प्रतिनिधित्व बढ़ेगा और संगठन की पहुंच विभिन्न समुदायों तक मजबूत होगी।
छिंदवाड़ा में सबसे बड़ा संगठन विस्तार, 258 पदाधिकारी घोषित
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ़ छिंदवाड़ा में जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) का सबसे बड़ा विस्तार किया गया है। यहां पदाधिकारियों और सदस्यों को मिलाकर कुल 258 नेताओं की नियुक्ति की गई है।
छिंदवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी में कमलनाथ और नकुलनाथ को संरक्षक बनाया गया है। जिला कार्यकारिणी में पदों का वितरण इस प्रकार है—
-
कार्यवाहक अध्यक्ष: 2
-
कोषाध्यक्ष: 1
-
कार्यालय मंत्री: 2
-
प्रवक्ता: 1
-
मीडिया प्रभारी: 1
-
सोशल मीडिया प्रभारी: 1
-
उपाध्यक्ष: 33
-
महामंत्री: 73
-
सचिव: 70
-
सहसचिव: 3
-
आमंत्रित सदस्य: 62
-
विशेष आमंत्रित: 9
कुल पदाधिकारी: 258
सागर जिला कांग्रेस में 23 महामंत्री बनाए गए
सागर जिले की जिला कांग्रेस कमेटी में भी संगठन का पुनर्गठन किया गया है। यहां विभिन्न पदों पर नियुक्तियां इस प्रकार की गई हैं—
-
उपाध्यक्ष: 8
-
महामंत्री: 23
-
सचिव: 21
-
कार्यकारिणी सदस्य: 8
-
संरक्षक सदस्य: 11
-
विशेष आमंत्रित सदस्य: 42
-
प्रवक्ता: 2
-
स्थायी आमंत्रित सदस्य: 23
-
स्थायी कार्यालय मंत्री: 1
-
सोशल मीडिया अध्यक्ष: 1
-
निर्वाचन प्रभारी: 1
मऊगंज जिला कांग्रेस कार्यकारिणी का गठन
मऊगंज जिला कांग्रेस कमेटी की टीम में भी पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। यहां संगठनात्मक जिम्मेदारियां इस प्रकार तय की गई हैं—
-
उपाध्यक्ष: 7
-
महामंत्री: 23
-
सचिव: 28
-
कोषाध्यक्ष: 1
संगठन को सक्रिय करने की रणनीति
प्रदेश कांग्रेस संगठन का मानना है कि जिला और प्रकोष्ठ स्तर पर जिम्मेदारियां बांटने से संगठनात्मक गतिविधियों में गति आएगी और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए पार्टी की तैयारी मजबूत होगी। लगातार की जा रही नियुक्तियों को कांग्रेस की संगठनात्मक पुनर्संरचना के रूप में देखा जा रहा है।